स्वादिष्ट सांभर बनाने के लिए आसान टिप्स और ट्रिक्स
अगर आप कुछ ही मिनटों में स्वादिष्ट सांभर तैयार करना चाहती हैं तो यहां जानें इसे तैयार करने के आसान तरीकों के बारे में। जब भी बात आती है साउथ इंडियन खाने की तब सबसे पहले ध्यान में आता है गरमा -गरम डोसे और इडली के साथ चटपटा, सूपी सांभर। यूं कहा जाए कि सांभर [...]
अगर आप कुछ ही मिनटों में स्वादिष्ट सांभर तैयार करना चाहती हैं तो यहां जानें इसे तैयार करने के आसान तरीकों के बारे में।
जब भी बात आती है साउथ इंडियन खाने की तब सबसे पहले ध्यान में आता है गरमा -गरम डोसे और इडली के साथ चटपटा, सूपी सांभर। यूं कहा जाए कि सांभर के बिना साउथ इंडियन खाना अधूरा है। सांभर कई तरह की सब्जियों को मिलाकर तैयार किया गया एक मसालेदार दाल का सूप होता है जो ट्रेडिशनल साउथ इंडियन थाली का हमेशा से ही एक अभिन्न अंग माना जाता रहा है।
इडली, डोसा, मेदू वड़ा, चावल आदि के साथ सांभर न हो तो इनका स्वाद ही भला क्या है।
सांभर को कर्नाटक में सांबारू, तमिलनाडु में कुंजंबू और सांभर के रूप में जाना जाता है। ये भले ही किसी भी नाम से क्यों न जाना जाए लेकिन इसका स्वाद लगभग हर जगह एक जैसा ही होता है। टेस्टी सांभर बनाना वैसे तो चुटकियों का काम है लेकिन इसे बनाने का सही तरीका न पता होने की वजह से महिलाएं इसे परफेक्ट तरीके से नहीं बना पाती हैं और यह घर में तैयार साउथ इंडियन थाली से अक्सर गायब ही रहता है।
अगर आप भी उन लोगों में से हैं जिन्हें सांभर बनाना मुश्किल भरा लगता है तो आज हम हर ज़िन्दगी के फ़ूड स्कूल सीरीज में सांभर को स्वादिष्ट और आसान तरीके से बनाने के टिप्स और ट्रिक्स बताने जा रहे हैं। आप भी इन ट्रिक्स से मिनटों में साउथ इंडियन स्टाइल में टेस्टी सांभर तैयार कर सकती हैं।
सांभर के लिए सही तरीके से दाल बनाने के लिए आपको ध्यान में रखना होगा कि आप अरहर की दाल को कम से कम आधे घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दें। आधे घंटे बाद दाल से पानी को अलग कर दें और कुकर में डालकर पर्याप्त मात्रा में पानी डालकर इसे 15 मिनट तक पकने दें।
दाल पकाने का सबसे अच्छा तरीका है है कुकर में एक सीटी आने के बाद धीमी आंच पर दाल पकाएं। लगभग 15 मिनट बाद गैस बंद कर दें और कुकर की स्टीम ठंडी होने का इंतज़ार करें। स्टीम ठंडी होने पर कुकर का ढक्कन खोलें और दाल को अच्छी तरह से चमचे से घोंट दें।
कैसे तैयार करें सांभर की सब्जियां
सांभर की सब्जियां तैयार करने के लिए आपको इस बात का ध्यान रखना है कि सब्जियों को बहुत महीन या फिर बहुत बड़े टुकड़ों में नहीं काटना है। बहुत महीन सब्जियां कटने से ये सांभर की दाल में मिक्स होने के बाद नजर नहीं आएंगी और बहुत बड़ी सब्जियां पकने में कठिनाई होगी। इसके लिए मध्यम आकार में कटी सब्जियों को एक कढ़ाही में फ्राई करें और सब्जियों में लगभग आधा चम्मच नमक डालें। नमक डालने से सब्जियां जल्दी पक जाती हैं। सभी सब्जियों को ढककर 10 मिनट तक पकाएं और सब्जियां पहने के बाद इन्हें पहले से तैयार दाल में मिलाएं।
वैसे तो बाजार में भी सांभर मसाला आसानी से उपलब्ध हो जाता है लेकिन घर पर तैयार मसाले का स्वाद और मजा ही कुछ और होता है। अगर आप भी सांभर का मसाला घर पर ही तैयार करना चाहती हैं तो इसे मिनटों में तैयार करके सांभर का स्वाद बढ़ा सकती हैं।
सांभर मसाला घर पर बनाने के लिए सबसे पहले एक कढ़ाही में थोड़ा सा तेल डालकर 1 चम्मच साबुत धनिया, 1 चम्मच मेथी दाना ,1 चम्मच उड़द दाल (धुली या छिलके वाली ),1 चम्मच चना दाल, 1/2 चम्मच हींग, 2 खड़ी लालमिर्च डालकर भून लें। जब इन सभी मसालों से भुनने की सोंधी खुशबू आने लगे तब इसे कढ़ाही से अलग कर लें और ठंडा होने के लिए रख दें। ठंडा होने पर इसे अच्छी तरह से पीसकर पाउडर तैयार करें। सांभर मसाले को दाल और सब्जियां पकने के बाद सांभर में मिक्स करें ,इससे सांभर का स्वाद कई गुना बढ़ जाता है।
दादी मां की इस आसान ट्रिक से मिनटों में बनाएं सांभर
सांभर तैयार करने के लिए एक आसान तरीका है कि आप दाल और सब्जी को अलग -अलग पकाने की बजाय एक साथ पकाएं। लेकिन ध्यान रखें कि इसके लिए कम से कम 2 घंटे पहले दाल भिगोकर रखनी है। जिससे दाल ठीक से गल जाए और सब्जियां भी दाल में ज्यादा घुलें नहीं। दोनों सामग्रियों को पकने के बाद इसमें ऊपर से तड़का लगाएं जिससे इनका स्वाद बढ़ जाए।
स्पेशल सामग्रियों से बढ़ाएं स्वाद
• आपमें से शायद ही कुछ लोग सांभर में तड़के के बाद इसमें हरी धनिया का इस्तेमाल करते हों। लेकिन यकीनन ये एक ऐसी सामग्री है जो आपके सांभर के स्वाद को बढ़ाने में मदद करती है। सांभर में करी पत्ते और राई से तड़का लगाने के बाद ऊपर से कटी हुई धनिया से गार्निश करें।
• सांभर को खट्टा करने के लिए वैसे तो इमली का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन अगर आपके पास इमली नहीं है तो आप इसमें नींबू या फिर अमचूर पाउडर का इस्तेमाल भी कर सकती हैं। नींबू सांभर के स्वाद को बढ़ा देता है।
न करें ये गलतियां
• कभी भी सांभर बनाने के लिए बिना भिगोई दाल का इस्तेमाल न करें। अगर आप दाल थोड़ी देर पहले से नहीं भिगोकर रख पाईं हैं तो इसे कम से कम 10 मिनट के लिए गुनगुने पानी में भिगोकर रखें जिससे इसे पकने में आसानी होगी।
• सांभर की दाल पकाते समय इसमें पहले से टमाटर या इमली न डालें क्योंकि इससे दाल अच्छी तरह से गलती नहीं है। हमेशा दाल और सब्जियां पकने के बाद ऊपर से टमाटर का तड़का लगाएं और इमली का जूस मिलाएं।
• सब्जियों को बहुत महीन आकार में ना काटें। सांभर की सब्जियां मध्यम आकार में ही स्वादिष्ट लगती हैं।
वास्तव में इन आसान तरीकों से आप बिना किसी परेशानी के ही सांभर मिनटों में तैयार कर सकती हैं और खाने का स्वाद बढ़ा सकती हैं।