Coronavirus Cases: कोरोना वायरस जैसे भयानक वायरस के बारे में तो सभी परिचित है। एक वक्त था हर घर- घर में कोरोना वायरस का कहर था। बीच में अभी हालात सुधरे भी थे। पर अब दोबारा कोरोना वायरस अपनी पकड़ मजबूत करते नजर आ रहा है। कोरोना वायरस की दूसरी लहर से हुई तबाही को आज की पीढ़ी कभी भूल नहीं पाएगी। इसी के साथ भारतीय लोगों ने बहुत- से घरेलू नुस्खे भी अपनाए, जिसका हमें फायदा भी हुआ। हमारा देश आयुर्वेद का जन्मस्थान है और हम वो लोग हैं, जो दवाओं से पहले घरेलू नुस्खों को अपनाते हैं। ये कहना बिल्कुल भी गलत नहीं होगा कि घरेलू नुस्खे हमारे देश की अघोषित संपत्ति है, जो सभी घर-घर में बसी हुई है। पर कोरोना वायरस की दूसरी लहर के दौरान एक गलती जो ज्यादातर लोगों ने की, वो थी घरेलू नुस्खों का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल।

इससे बहुत- से लोगों की सेहत पर भी बहुत बुरा असर पड़ा। किसी को पाचन, तो किसी को आंतों और किसी को लिवर से संबंधित समस्या का सामना करना पड़ा, लेकिन आज हम आपको अपने इस लेख के जरिए बताएंगे घरेलू नुस्खों को कैसे इस्तेमाल करें और कितना इस्तेमाल करें?
इस बार हो जाएं सचेत:
इसमें कोई शक नहीं कि घरेलू नुस्खे बहुत असरदार होते हैं और कई बीमारियों को जड़ से खत्म कर देते हैं। इसके साथ ही ये बैक्टीरिया और वायरस से होने वाली बीमारियों से भी बचाते हैं, लेकिन अगर इनका गलत तरीके से इस्तेमाल किया जाए तो सेहत भी खराब हो सकती है। इसलिए अब कोरोना वायरस फिर से अपनी तेजी लेते हुए नजर आ रहा है, ऐसे में आपको पता होना चाहिए कि कौन- से घरेलू नुस्खों को कैसे इस्तेमाल करें। अपनी इम्यूनिटी को मजबूत करने के लिए और नए कोरोना वायरस से खुद को बचाने के लिए आपको कौन सा घरेलू उपाय अपनाना चाहिए, कितनी मात्रा में और किस विधि से। ध्यान से पढ़िए….

गोल्डन मिल्क का सेवन:
अगर आपको इस नए कोरोना वायरस से बचना है, तो अपने इम्युनिटी को बढ़ाने और वायरल, बैक्टीरियल, फंगल इंफेक्शन से बचने के लिए हल्दी का व्यापक रूप से उपयोग करें। हल्दी वाले दूध यानी गोल्डन मिल्क के सेवन से आप अपनी इम्युनिटी को मजबूत कर सकते हैं, जो आपको कोविड से बचाव में मदद करेगा।
जानें कितनी मात्रा में पीएं गोल्डन मिल्क:
आपको एक दिन में सिर्फ 1 चम्मच हल्दी का सेवन करना चाहिए। अगर आप दिन में दो बार हल्दी वाला दूध पीना चाहते हैं तो आधा चम्मच हल्दी का इस्तेमाल करें।
आप चीनी की जगह गुड़ का इस्तेमाल कर सकते हैं।
यदि आप गर्मी के मौसम में भी इस दूध का सेवन करना चाहते हैं, तो इसे एक बार से ज्यादा न पिएं और आधा चम्मच हल्दी का ही इस्तेमाल करें, क्योंकि हल्दी बहुत गर्म होती है।
जब भी आप इस दूध को सुबह या रात को पियें तो खाने और दूध के बीच कम से कम 2 घंटे का अंतर जरूर रखें।
जानें गिलोय का सेवन कैसे करें:
गिलोय बहुत ही गुणकारी आयुर्वेदिक औषधि है, लेकिन अति हर चीज की बुरी होती है। इसलिए इसके काढ़े या जूस का सेवन भी ¼ कप में ही करना चाहिए।
जानें काढ़े का सेवन कैसे और कितनी मात्रा में करें:
काढ़े को कभी भी खाली पेट नहीं लेना चाहिए। आप नाश्ते या रात के खाने के एक से डेढ़ घंटे बाद इसका सेवन कर सकते हैं। एक बार में चौथाई कप यानी 1/4 कप से ज्यादा काढ़ा नहीं पीना चाहिए।
काढ़ा आपको सिर्फ फायदे ही दें, इसके लिए यह जानना जरूरी है कि इसमें इस्तेमाल होने वाले मसालों की तासीर काफी गर्म होती है। पर यदि आप पहले से ही किसी बीमारी से पीड़ित हैं या कोई छिपी हुई स्वास्थ्य समस्या है, तो इसके अधिक सेवन से ये समस्याएं बढ़ सकती हैं।






